हर बच्चा खास होता है Every child is a special

Har Baccha Khas Hai Every Child Is A Special 1 1024x538

हर बच्चा खास होता है

हर बच्चा अनोखा और खास होता है। हर बच्चा प्रतिभाशाली (Genius) होता है। स्पेन के महान चित्रकार पाब्लो पिकासो कहते है की, “हर बच्चा एक कलाकार होता है। समस्या यह है की बड़े होने के बाद भी वह कलाकार कैसे बना रहे!” यह एक और अद्भुत कहानी का परिचय मात्र है… कृपया आगे पढ़े

गिलियन के डॉक्टर

गिलियन सात साल की थी। वह कक्षा में लगातार बैठ नहीं पाती थी। उसका ध्यान भटकता रहता, वह अपने ख़यालों में खोई रहती। जो कुछ कक्षा में पढ़ाया जाता, वह उसे थोड़ा सा भी समझ नहीं आता था। शिक्षक उसकी चिंता करते, अनुशासन तोड़ने पर उसे डांटते, दंडित भी करते। लेकिन गिलियन एक जगह बैठ नहीं सकती थी।

जब वह घर आती, तो वहाँ भी उसका यही हाल था। इस बात पर उसकी माँ भी उसे डांटती, सजा देती। इस प्रकार, गिलियन न केवल स्कूल में ख़राब ग्रेड और सजा से परेशान थी, बल्कि वह घर पर भी परेशान ही थी।

एक दिन प्रिंसिपल ने गिलियन की माँ को स्कूल में बुलाया। माँ को अंदाजा था की गिलियन के बारे में कुछ बुरा सुनने को मिलेगा। गिलियन को बाहर एक कमरे में छोड़कर माँ प्रिंसिपल से मिलने जाती है। वहाँ पर प्रिंसिपल के साथ स्कूल के अन्य शिक्षक भी थे।

“वह सामान्य नहीं है,” प्रिंसिपल ने कहा।

“उसे शायद एक अच्छे डॉक्टर को दिखाने की जरुरत है। “

स्कूल के अन्य शिक्षक भी माँ को गिलियन की बीमारी के बारे में बताते है।

प्रिंसिपल और अन्य शिक्षकों की बातें सुनकर और उनकी सलाह मानकर गिलियन की माँ उसे डॉक्टर के पास ले गई। गिलियन की माँ ने उसकी बेचैनी और एकाग्रता की कमी के बारे में डॉक्टर को बताया। गिलियन की माँ की सारी बातें सुनने के बाद, डॉक्टर ने गिलियन से कहा की उसे उसकी माँ से कुछ देर अकेले में बात करनी है। डॉक्टर गिलियन से कहते है की वह जल्द ही वापस आएंगे, और जाते-जाते वे उस कमरें में रखे ‘रेडियो’ को चालू कर देते है, जिस पर मधुर संगीत बजने लगता है।

थोड़ी देर बाद, डॉक्टर गिलियन की माँ को साथ चलने को कहते है। वह गिलियन की माँ को उस कमरे के बाहर ले जाकर खड़ा कर देते है, जहाँ पर गिलियन थी। अब वे गिलियन की माँ को कमरे में झाँकने के लिए कहते है। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर गिलियन की माँ अचंबित हो जाती है। उन्हें विश्वास नहीं होता। कमरे में गिलियन ‘रेडियो’ पर बज रहे मधुर संगीत पर सुंदर नृत्य कर रही थी।

जैसे ही कमरे रखे ‘रेडियो’ पर संगीत गूंज उठा, गिलियन तुरंत खड़ी हुई और वह नृत्य करने लगी। वह बेचैन नहीं हुई, वह नृत्य करने लगी – लय के साथ, आनंद के साथ, आत्मा के साथ।

डॉक्टर मुस्कुराते हुए गिलियन की माँ से कहते है, “गिलियन बीमार नहीं है, वह एक नर्तकी है! उसे नृत्य सिखाओ।” उन्होंने गिलियन की माँ को उसे नृत्य विद्यालय ले जाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने गिलियन के शिक्षकों को भी उसे हिलने-डुलने देने के लिए कहाँ। और इसके बाद सबकुछ बदल गया।

गिलियन की माँ उसे एक डांस स्कूल में भेजती है। गिलियन ने नृत्य कक्षा जाना शुरु किया और वह खिल उठीं। जब गिलियन पहले दिन डांस कक्षा में भाग लेकर घर पहुँचती है, तो दौड़कर ख़ुशी से अपनी माँ के गले लग जाती है और अपनी माँ से कहती है, “माँ, इस स्कूल में सब बच्चे मेरे जैसे है, कोई एक जगह नहीं बैठ सकता।

ये कहानी है गिलियन की। एक खूबसूरत बच्ची, जिस पर उसके शिक्षकों ने भरोसा करना छोड़ दिया था। ये कहानी है अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कोरियोग्राफर ‘गिलियन लीन’ की। सालों बाद, गिलियन लीन दुनिया की सबसे प्रसिद्ध कोरियोग्राफरों में से एक बन गई – जिन्हें कैट्स और द फैंटम ऑफ़ द ओपेरा को जीवंत करने के लिए जाना जाता है।

Gillian Lynne Olivier Awards2013

गिलियन लीन ‘ओलिवियर अवार्ड्स (Olivier Awards)’ 2013

बच्चों की प्रतिभा को पहचाने

हर बच्चा खास होता है। उनमें कुछ न कुछ प्रतिभाएँ होती है, इसलिए हमारा यह कर्तव्य है की हम बच्चों की प्रतिभाओं और विशेष गुणों पर ध्यान दें। उन्हें अपने प्रतिभा का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करें। कुछ बच्चे खेलकूद और कलाओं जैसे की पेंटिंग, स्केचिंग, गायन, अभिनय, नृत्य आदि में अच्छे होते है। कुछ पढाई में अच्छे होते है, तो कुछ शैक्षणिक प्रदर्शन के मामले में किसी विशेष विषय में अच्छे होते है। इसलिए, बच्चों में कई प्रतिभाएँ, अनोखे गुण और विशेषता देखी जा सकती है।

हालाँकि बच्चों में अपनी खास प्रतिभाएँ होती है, फिर भी कुछ बच्चे पढाई में या अन्य क्षेत्र में पिछड़ जाते है। उन्हें पढ़ने, लिखने और सीखने में कठिनाई होती है। लेकिन, दूसरी और उनमें कुछ अन्य प्रतिभाएँ भी होती है। माता-पिता और शिक्षकों का काम यह है की, वे उनसे बात करें, उनका अवलोकन करें और उनके सर्वोत्तम गुणों को बाहर लाए।

हर बच्चा एक प्रतिभा होता है, अगर हम उसे ऐसा बनने दें। हमारा काम है उनमें से सर्वश्रेष्ठ बहार निकालें। सभी बच्चों को अपनी प्रतिभा के मुताबिक आगे बढ़ने देना चाहिए। बच्चों को अपने जीवन की राह खुद चुनने दो। उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुसार अपना लक्ष्य चुनकर आगे बढ़ने दो। फिर देखिये, बच्चों की प्रतिभा कैसे खिल उठेगी।

दुनिया का हर बच्चा एक व्यापक जिज्ञासा प्रदर्शित करता है। बच्चे हर चीज़ में रुचि रखते है। अगर दुनिया के हर बच्चे को अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने दिया जाए, तो दुनिया में बच्चों की जो भी समस्याएँ है, वो ज्यादातर खत्म हो जाएगी।

आइए, हम सब साथ मिलकर हर बच्चे में सर्वश्रेष्ठ का निर्माण करें। हम सभी बच्चों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करने की भावना रखें। तो चलो पहल करें और आगे बढ़ें !!! देश का भविष्य उज्वल और मुस्कुराता हुआ बनाएँ। क्योंकि, हर बच्चा खास होता है।

अंत में आपसे सिर्फ इतना कहना चाहेंगे की, अपने आसपास की ‘गिलियन’ को पहचानियें और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कीजिए।

इसी जानकारी के साथ हम इस Article को यही पूरा करते हैं। आशा करता हूँ की इस Article द्वारा दी गयी जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर आपको ये Article उपयोगी हुआ हो, तो आप अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ यह जानकारी जरूर साझा करें एवं नई-नई जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट articletree.in को अवश्य विजिट करें। हमारे ब्लॉग पर आने के लिए आपका धन्यवाद !

ज़िंदगी खूबसूरत है! Life is beautiful!

ज़िंदगी खूबसूरत है20 1024x538

थमी हुई ज़िंदगी को नवजीवन देने की बात

महापुरुषों को हम उनके विशिष्ठ गुणों के चलते मान-सम्मान देते हैं, लेकिन एक बात पर आपने कभी गौर किया है? हादसे उनके जीवन का अनिवार्य हिस्सा रहे है। दुःख के झंझावात से घिरे रहकर उन्होंने कभी सृजन का, नए चिंतन का दामन नहीं छोड़ा और हम? हम क्यों ठहर जाते हैं एक छोटे से तनाव के, कष्ट के या संकट के आगे?

दौड़ता-भागता जीवन किसी मोड़ पर रुक गया और लगने लगा – अब एक कदम भी आगे बढ़ाना न हो सकेगा, तब मन में आया है यह विचार बार-बार – सांसे ही गुजारनी हैं, जिंदगी का आनंद तो जाता रहा। हालांकि ऐसा सोचना निराधार है। ऐसा होना सिर्फ जीवन की बहुरंगी फिल्म का मध्यांतर है, ‘द एंड’ नहीं। सिनेमाघर में फिल्म देखते हुए हम यकायक पते हैं की पीछे से आता प्रकाश थोड़ी देर के लिए ठहर गया और और रील पर छपी चटख तसवीरें सामने फैले चांदी जैसे परदे पर उभरनी बंद हो गई हैं। यह वक्त होता है, ढाई-तीन घंटे की फिल्म के बीच थोड़ी देर सुस्ताने का। ऐसे ही जीवन में आता है मध्यांतर। हमें हमेंशा अपने आप को यह याद दिलाते रहना होगा की ‘ज़िंदगी खूबसूरत है।

थमी हुई ज़िंदगी को नवजीवन देने की बात करने से पहले यह जानना जरुरी है की जीवन दरअसल, है क्या ! सचमुच यह एक पहेली है, जो कभी हंसाती है, कभी रुलाने में भी कसर नहीं छोड़ती, लेकिन हम भी क्या खूब है, कितनी भी मुश्किल में ज़िंदगी से प्यार करना कभी नहीं छोड़ते। यही है जिजीविषा। संघर्ष अपनी ज़िंदगी के लिए। सब कुछ सही रहे, हर मौका महज खुशी लेकर आए, तब भी तो ज़िंदगी नीरस हो जाएगी। दुःख, व्याधियां, बीमारियां, मुश्किलें – असल में हमारे सहचर हैं। अक्सर दामन थाम लेती हैं। इनका हंसकर ही स्वागत करना चाहिए।

खैर, हम बात कर रहे थे नवजीवन की, एक नई ज़िंदगी अपने व्यक्तित्व को दे देने की ! तो जब कभी ऐसी जरुरत आ जाए तो क्या करना चाहिए? क्या दुःख से घिरकर निढाल होना सही होगा या फिर उसका हिम्मत के साथ सामना करना… दुःख में ही नएपन की नींव डाल लेना ! यकीनन, आप कहेंगे की दुःख से दो-दो हाथ करना ही समझदारी है, पर कैसे…?

जीवन को उलझन मान लेने से कोई हल नहीं निकलता। क्यों न जीवन जीने की कला हम सीख लें…? जान लें, वो अंदाज, जिससे ज़िंदगी खूबसूरत हो जाती है…. खुशनुमा बन जाती है। सोचिए, ज़िंदगी ऐसी खूबसूरत हो तो इसके बारे में बात करते वक्त किसका दिल न खिल उठेगा। हर आंख में तब खुशी की तसवीरें रंगत बिखेरती नज़र आएगी। ज़िंदगी जीना अपने आप में एक कला है और ये कला तब और ज्यादा दिलकश हो जाती है, जब आप कलाकार की तरह ज़िंदगी को महसूस करें। जीवन की सरगम अपनी धड़कनों की एक-एक आहट में सुनें।

एक सूक्ति है – साहित्य संगीत कला विहीनः, साक्षात् पशुः पुच्छ विषाण हीनः। इसमें कहा गया है की साहित्य, संगीत और कला से रहित व्यक्ति पशु की तरह ही है। हम ऐसे न बन जाऐं, इसके लिए सृजनात्मकता की लहर से थके मन को लैस कर देना होगा। यूं, सृजन का तात्पर्य साहित्य, संगीत और कला से ही नहीं है। सृजन, यानी कुछ जन्म देना। कुछ नया गढ़ना। कुछ नया निर्माण करना। जीवन में कला कितनी जरुरी है… इसकी परख के लिए आइए एक पुराना प्रसंग दोहरा लेते हैं।

राजकुमार सिद्धार्थ के विवाह का प्रसंग

राजकुमार सिद्धार्थ का विवाह करने के लिए राजा शुद्धोधन यशोधरा के पिता दंडपाणि के पास गए। दंडपाणि एक सामान्य नागरिक ही थे। आज का जमाना होता तो कोई आम आदमी किसी राजा के बेटे से बेटी का विवाह करने का प्रस्ताव तुरंत स्वीकार कर लेता, लेकिन दंडपाणि ने मना कर दिया। उन्होंने कहा की सिद्धार्थ को पहले यह प्रमाणित करना होगा की वे सुरुचिपूर्ण व्यक्ति हैं। कला, साहित्य और संगीत की समझ रखते हैं, तभी में अपनी कन्या का हाथ उनके हाथ में दूंगा। सिद्धार्थ को अपनी रुचियों को प्रमाणित करने के लिए उस समय नवासी प्रतियोगिताओ में भाग लेना पड़ा था।

सोचने वाली बात है। हम सब अपना जीवन कला से विमुख होकर कैसे गुजार देते हैं? क्या हमें खुद को अच्छा, सुरुचिपूर्ण और खास साबित नहीं करना चाहिए? और यह बात खुद को खास करने तक ही सिमित नहीं है। जब तक जीवन में कला के लिए आदर भाव नहीं होगा, हम ज़िंदगी की खूबसूरती को समझ ही नहीं पाएंगे। ऐसा भी नहीं है की हर व्यक्ति को कलाकार हो जाना चाहिए और सभी कलाओं में पारंगत होने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए, लेकिन यह आवश्यक है की कला-साहित्य और संगीत समेत विभिन्न सर्जनात्मक कलाओं के लिए मन में प्यास पैदा की जाए। उन्हें सराहने का भाव पैदा किया जाए।

क्या हमें कुदरत की हर धड़कन साफ-साफ सुनाई देती हैं?

“ज़िंदगी जीना कला है और ये तब ज्यादा दिलकश हो जाती है, जब आप किसी कलाकार की तरह ज़िंदगी को महसूस करें। जीवन की सरगम धड़कनों की एक-एक आहट में सुनें।”

हमारे लिए सवाल है… ! क्या हमें कुदरत की हर धड़कन साफ-साफ सुनाई देती हैं? कोई गीत सुनते वक्त क्या हमारी आँखों में आंसू या होंठों पर हंसी के नग्मे छिड़ जाते हैं? कोई चित्र देखते समय मंत्रमुग्ध हो पाते हैं… अगर ‘हां’ तो हमारे अंदर का कलाकार बचा हुआ है और ज़िंदगी हमारे लिए प्यार का गीत है, लेकिन जवाब ‘न’ में हुआ तो बहुत गंभीरता से विचार करने की जरुरत है। कहीं न कहीं हमारी ज़िंदगी के रस्ते से कला का भाव भटक गया है। ये जरुरी है की हम उसे सही रास्ते पर लौटा लाऐं और ज़िंदगी की हर धड़कन साफ-साफ सुनना सिख लें। हम ऐसा कर पाए तो जीवन की रंगत कुछ और ही होगी… इसकी चमक कुछ और ही होगी।

हम बार-बार कहते हैं की ज़िंदगी जीना सबसे बड़ी कला है। ‘कला’ के रूप में रूढ़ माध्यम, विधाएँ, शैलियां – इसी का हिस्सा हैं। कोई किताब पढ़ना, उसे समझना, उसके संदेशों को ग्रहण करना भी कला से कम नहीं। यूं देखें तो हम सब कलाकार हैं। मकान बनाना, खाना पकाना, अच्छी तरह से ड्राइविंग करना, यातायात के नियमों का पालन करना, आपसी आचार-व्यवहार – यह सब अनुशासन और नैतिकता के लिहाज से जितने जरुरी है, उतने ही जीवन को खूबसूरत बनाने के लिए भी आवश्यक हैं। इसी विचार के साथ लौटते हैं वहां, जहां से बात शुरू की थी तो फिर सामने आता हैं – डरा देने वाला, हमें ठहरने को मजबूर करने वाला दुःख। कोई हादसा। एक संकट। कहीं भावनात्मकता के बोझ से हमारी सकारात्मकता की चीख, लेकिन यहीं जरुरी हैं विचार – जीवन के आनंद से बड़ा और कुछ नहीं है।

मार्के की बात यही है की हादसों से डरकर कभी सृजन नहीं हो सकता। कलाओं के, मानवमात्र के, अपनी सबसे सच्ची दोस्त कुदरत के साथ न्याय नहीं किया जा सकता। सार्त्र कहते थे – ‘मैं जब लिखता हूं तो निराशा के जाल में खूबसूरती पकड़ने की कोशिश करता हूं।’ सार्त्र की यह बात कितनी मौजू है न ! अब अगली बार, निराशा से जूझते हुए कुछ रचने की कोशिश कीजिएगा। यकीनन, खिल उठेंगे आप।

श्रीमदभागवत में कहा गया है – स्मृतियों में लगातार दोहराया जाए तो बीता हुआ सुख भी दुःख की प्रतीति देता है, ऐसे में दुःख से पीड़ा के सिवा और कुछ नहीं मिलेगा। यह एक सत्य है और संदेश भी। बेहतर यहीं होता है की हम संत्रास के कालेपन को पीछे धकेलकर आने वाली जिंदगी का इस्तकबाल करें। जोश के साथ जीवन के पीछे छूट गए उत्साह को आवाज दें। ज़िंदगी दोगुने उत्साह के साथ बगलगीर होगी। कहते हुए – हां ! तुम तो गुनगुना रहे हो, मुस्कुरा रहे हो, तुम में जीने का उत्साह बाकी है, फिर दुःख परेशान कैसे कर सकता है?

निराशा से मुक्ति का मंत्र है ‘सृजन’

“इंसान निराशा से निकलकर फिर एक नई दुनिया का सृजन करता है”- अल्बेयर कामू

बात थोड़ी आध्यात्मिक जरूर लगेगी, लेकिन गौर कीजिए तो बेहद सामान्य और उतनी ही विशिष्ठ भी है। स्वयं को साक्षी मानकर अपने आसपास के लोगों के जीवन पर नज़र डालिए। सबकी ज़िंदगी में कितना कष्ट है। हमारे लिए जरुरी यह है की हम सब बाकि लोगों को थोड़ी खुशी दे सकें, या फिर स्वयं किसी व्यर्थ पीड़ा में घिर जाऐं? सृजन में तल्लीन होने की बात यहीं पर महत्वपूर्ण हो जाती है।

कितना-कुछ बचा है सीखने के लिए, करने के लिए और आनंद उठाने के लिए और हम हैं की तनावों में घिरे जा रहे हैं। याद कीजिए, उरुग्वे के रचनाकार एडुआर्डो गालेआनो को। लैटिन अमेरिकी लेखक गालेआनो को सैन्य तानाशाही के अत्याचारों का शिकार होकर देश छोड़ने पर विवश होना पड़ा, लेकिन क्या वे ठहर गए? बिलकुल नहीं ! इसके विपरीत तथ्य तो यह है की जब गालेआनो को दबाने की कोशिश की गई तो वे और मजबूत होकर उभरे। वे कहते हैं – ‘जब भी कोई लिखता है तो वह औरों के साथ कुछ बांटने की जरुरत ही पूरी कर रहा होता है। यह लिखना अत्याचार के खिलाफ और अन्याय पर जीत के सुखद एहसास को साझा करने के लिए होता है। यह अपने और दूसरों के अकेले पड़ जाने के एहसास को खत्म करने के लिए होता है।’ कहा जा सकता है की राम-कृष्ण, निराला, गालेआनो या ऐसे और लोग महापुरुष हैं, रचनाकार हैं, इसलिए उनसे आम आदमी की तुलना नहीं की जा सकती, लेकिन ऐसी परिभाषा दरअसल, पलायनवादी होगी। हमने पहाड़ की छाती चीरकर दरिया निकाला है। दरिया की रह मोड़कर फसलों के लिए पानी लाए हैं। यह सब हमारे पुरखों ने किया है तो हम ऐसा क्यों नहीं कर सकते?

अगर आपको देखना आता है तो ज़िंदगी हर हाल में खूबसूरत है और देखना ही क्यों, महसूस करना भी आना चाहिए। मुकम्मल बात यही है की हर निराशा को मुंहतोड़ जवाब देने का एकमात्र तरीका है – सृजन। चाहे वह संगीत का हो, साहित्य हो, कोई और भी कला हो…। खुद में रोते बच्चों को हँसाने की कला जगाइए। जगा दीजिए, किसी अनपढ़ व्यक्ति में पढाई-लिखाई की धुन। वह हँसेगा और देखिएगा – उसकी खिलखिलाहट से आपकी तकलीफ भी दूर भाग जाएगी। ऐसा यकीनन होगा। हर मध्यांतर को अपने लिए नई शुरुआत मानते हुए, निदा फाजली के इस शेर के सहारे संकल्प लीजिए –

“गुजरो जो बाग से तो दुआ मांगते चलो, जिसमें खिले हैं फूल, वो डाली हरी रहे।”

इसी जानकारी के साथ हम इस Article को यही पूरा करते हैं। आशा करता हूँ की इस Article द्वारा दी गयी जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर आपको ये Article उपयोगी हुआ हो, तो आप अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ यह जानकारी जरूर साझा करें एवं नई-नई जानकारी के लिए हमारी वेबसाइट articletree.in को अवश्य विजिट करें। हमारे ब्लॉग पर आने के लिए आपका धन्यवाद !

0

Subtotal